
#कानपुर में छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन, 100 छात्राओं ने लिया हिस्सा
कानपुर से शिक्षा जगत से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। आचार्य नरेंद्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय में प्लेसमेंट सेल द्वारा करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा, रोजगार के अवसरों और करियर के बेहतर विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र के सहायक निदेशक ने छात्राओं को रोजगार की संभावनाओं और कौशल विकास की महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए।

कानपुर के आचार्य नरेंद्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय में दिनांक 30 सितंबर 2026 को प्लेसमेंट सेल द्वारा करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अर्चना सक्सेना ने किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने भविष्य और करियर के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
वहीं प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. प्रियंका सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि करियर काउंसलिंग छात्राओं को अपने लक्ष्य स्पष्ट करने और बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र के सहायक निदेशक डॉ. बी.के. पाण्डेय ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने वर्तमान रोजगार परिदृश्य, करियर चयन, योग्यता के अनुसार निर्णय लेने, कौशल विकास और रोजगार के विभिन्न अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही उन्होंने छात्राओं को नेशनल करियर सर्विस यानी NCS पोर्टल सहित विभिन्न रोजगार एवं करियर संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण पहल भी देखने को मिली, जहां महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल एवं सुमित अग्रवाल फाउंडेशन के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर फाउंडेशन के निदेशक गौरव बाजपेई मौजूद रहे। इस एमओयू का उद्देश्य छात्राओं को उचित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति की सदस्य अंकिता अवस्थी, सृष्टि स्मृति चौहान एवं डॉ. निहारिका गुप्ता ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की। छात्राओं ने विभिन्न करियर विकल्पों और रोजगार से जुड़े सवाल पूछे। इस कार्यक्रम में करीब 100 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
महाविद्यालय में आयोजित यह करियर काउंसलिंग सत्र छात्राओं को शिक्षा से रोजगार तक का मार्ग समझाने और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
हैशटैग: #NEWSMPD #KanpurNews #CareerCounselling #WomenEducation #PlacementCell #NationalCareerService




