Hot Topics

खून के धब्बों ने खोली हत्या की कहानी, जगतपुर की खाकी ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा

अंधविश्वास की आग में हत्या, कुल्हाड़ी के वार से बुजुर्ग की जिंदगी खत्म

अंधविश्वास से उपजी रंजिश का खूनी अंत, बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या

रायबरेली। जगतपुर के पालकीहार मजरे चिचौली में नहर किनारे झोपड़ी में अकेले रह रहे बुजुर्ग राम लखन पासी की संदिग्ध मौत ने रविवार को जिस तरह सनसनी फैलाई थी, उसका पटाक्षेप पुलिस ने महज 24 घंटे में कर दिया….पुलिस के मुताबिक, गांव के ही शिवम उर्फ पुष्पेंद्र पासी ने पुरानी रंजिश और अंधविश्वास से जुड़ी नाराजगी के चलते राम लखन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी जान ले ली…आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कथित हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और घटना के समय पहनी गई खून के धब्बों वाली शर्ट भी बरामद करने का दावा किया है…राम लखन पासी नहर किनारे बनी झोपड़ी में अकेले रहते थे और समीप स्थित हनुमान मंदिर में सेवा भी करते थे।

रविवार को झोपड़ी में उनका शव मिलने की खबर फैली तो गांव में हड़कंप मच गया। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद मामला सामान्य मौत से हटकर हत्या की ओर मुड़ा…. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी मौके से सुराग जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मृतक के भाई राम जियावन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया…घटना की गंभीरता को देखते हुए जगतपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। पुलिस के अनुसार, तकनीकी पड़ताल और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के बीच मुखबिर से शिवम उर्फ पुष्पेंद्र के गांव के पास बगिया में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया..पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आई कहानी में अंधविश्वास, पुरानी नाराजगी और तत्काल विवाद की कड़ियां जुड़ती हैं। आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह राम लखन पर जादू-टोना और झाड़-फूंक करने का आरोप लगाता था और उसे विश्वास था कि इसी वजह से कुछ वर्ष पहले उसके पिता की मौत हुई थी… इसी धारणा को लेकर उसके मन में राम लखन के प्रति लंबे समय से आक्रोश था। पुलिस के मुताबिक, हत्या से एक दिन पहले शनिवार शाम दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद ने अगले दिन हिंसक रूप ले लिया और शिवम ने कुल्हाड़ी से राम लखन के सिर पर वार कर दिया…हत्या के बाद आरोपी के मौके से निकल जाने की बात सामने आई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नहर किनारे से कथित हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की…इसके अलावा घटना के समय पहनी गई शर्ट भी बरामद की गई, जिस पर खून के धब्बे पाए जाने की बात पुलिस ने कही है… जगतपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। घटनास्थल से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी और कथित हत्या के हथियार की बरामदगी तक पुलिस ने जिस तेजी से जांच आगे बढ़ाई, उससे नहर किनारे बुजुर्ग की मौत को लेकर बनी शुरुआती रहस्य की स्थिति काफी हद तक साफ हुई है। अब विवेचना का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और बरामद साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण होगा, जिससे यह तय होगा कि पुलिस की कहानी और उपलब्ध भौतिक साक्ष्य किस हद तक एक-दूसरे की पुष्टि करते हैं।

Tags :

News MPD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News