अंकित राजपूत के पांच छक्कों से कानपुर इलेवन की जीत, यूसुफ पठान की 52 रन की तूफानी पारी बेकार; गोपाल सिंह बने मैन ऑफ द मैच! हज़ारो दर्शकों से खचाखच भरा रहा स्टेडियम, अंत तक कानपुर के खेलप्रेमियों ने नही छोड़ा साथ ।
—-
कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में रविवार की शाम क्रिकेट के रोमांच के साथ भावनाओं से भी जुड़ी रही। ‘ग्रीनपार्क गौरव कप’ के तहत खेले गए 15-15 ओवर के मुकाबले में हज़ारो दर्शकों से भरे स्टेडियम में दर्शकों का जोश देखने लायक था, ग्रीनपार्क की लगभग हर गैलरी, पवेलियन में दर्शकों का हर चौके छक्के पर शोर देखने और सुनने लायक था । रोमांचक मुकाबले में कानपुर इलेवन ने सांसद इलेवन को 13 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। कानपुर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में सांसद इलेवन की टीम चार विकेट पर 160 रन ही बना सकी। मुकाबले का सबसे खास पल मैच खत्म होने के बाद आया। जहाँ सांसद रमेश अवस्थी ग्रीनपार्क की पिच पर पहुंचे और कुछ पल वहां खड़े रहने के बाद पिच पर माथा टेका। उन्होंने पिच को नमन करते हुए उसे चूमा। यह दृश्य ग्रीनपार्क के मौजूदा स्वरूप से जुड़ी भावनाओं को सामने लाने वाला रहा।
दरअसल, ग्रीनपार्क अब प्रस्तावित पुनर्विकास के दौर में जाने वाला है। नई साज-सज्जा और आधुनिक सुविधाओं के साथ स्टेडियम को नए स्वरूप में तैयार करने की योजना है। ऐसे में यह मुकाबला ग्रीनपार्क की मौजूदा पहचान और उसकी क्रिकेट विरासत से जुड़ी यादों को समेटे नजर आया।
*पिच को नमन के बाद तिरंगा लेकर दर्शकों के बीच पहुंचे सांसद*

पिच को नमन करने के बाद रमेश अवस्थी हाथ में तिरंगा लेकर मैदान में मौजूद दर्शकों के बीच पहुंचे। उन्होंने दर्शकों का अभिवादन किया। मैदान में मौजूद लोगों ने भी उनका उत्साह के साथ स्वागत किया। इसके बाद ग्रीनपार्क में देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम हुआ। आसमान आतिशबाजी से रोशन हुआ और मैदान का माहौल उत्सव में बदल गया। जनप्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों ने हाथों में तिरंगा लेकर मैदान का चक्कर लगाया। यह शाम ग्रीनपार्क के क्रिकेट इतिहास, मौजूदा मुकाबले और आने वाले नए स्वरूप तीनों को एक साथ जोड़ती नजर आई।
*अंकित राजपूत के पांच छक्कों से कानपुर इलेवन ने बनाए 173 रन*
पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर इलेवन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान अंकित राजपूत ने महज आठ गेंदों में पांच छक्के और एक चौका लगाकर नाबाद 34 रन बनाए। उनकी पारी ने टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। शुभम पटेल ने 23 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 33 रन बनाए। आकांशु गोविल ने 22 गेंदों पर तीन चौके लगाकर 28 रन जोड़े। गोपाल सिंह ने भी 24 रन का उपयोगी योगदान दिया जिसमें चार छक्के शामिल रहे। इन पारियों के दम पर कानपुर इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट खोकर 173 रन का स्कोर खड़ा किया।
*यूसुफ पठान ने 21 गेंदों में ठोके 52 रन*
174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सांसद इलेवन को यूसुफ पठान ने तेज शुरुआत दिलाई। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने महज 21 गेंदों में 52 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए। यूसुफ पठान की बल्लेबाजी ने ग्रीनपार्क में मौजूद दर्शकों को खूब उत्साहित किया, लेकिन उनकी यह पारी सांसद इलेवन को जीत तक नहीं पहुंचा सकी। सुनील त्रिपाठी ने 17 गेंदों पर 34 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। शशांक ने 20 गेंदों पर 21 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में कानपुर इलेवन के गेंदबाजों ने रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा। सांसद इलेवन निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट पर 160 रन ही बना सकी और कानपुर इलेवन ने मुकाबला 13 रन से जीत लिया।
*गेंदबाजी में भी अंकित का योगदान*
कानपुर इलेवन के कप्तान अंकित राजपूत ने बल्ले के साथ गेंद से भी योगदान दिया। उन्होंने एक विकेट हासिल किया। सांसद इलेवन की ओर से शशांक अवस्थी ने प्रभावी गेंदबाजी की। उन्होंने तीन ओवर में महज 13 रन देकर दो विकेट लिए। उनकी किफायती गेंदबाजी के लिए उन्हें बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया।
*गोपाल सिंह बने मैन ऑफ द मैच*
कानपुर इलेवन की जीत में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले गोपाल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने चार छक्कों की मदद से 24 रन बनाए और गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया, मैच के बाद स्टेडियम में देशभक्ति गीतों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में दर्शक इस मुकाबले को देखने ग्रीनपार्क पहुंचे थे। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया था। मुकाबले के दौरान क्रिकेट का उत्साह तो देखने को मिला ही, मैच समाप्त होने के बाद तिरंगे और आतिशबाजी ने माहौल को अलग रंग दे दिया। सांसद रमेश अवस्थी का दर्शकों के बीच जाकर अभिवादन करना भी शाम का प्रमुख आकर्षण रहा।

*नए रूप में लौटने की तैयारी में ग्रीनपार्क*
ग्रीनपार्क सिर्फ एक क्रिकेट मैदान नहीं, बल्कि कानपुर की खेल पहचान का अहम हिस्सा रहा है। इस मैदान ने वर्षों तक देश और दुनिया के बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी की है। अब इसके प्रस्तावित पुनर्विकास के साथ इसे आधुनिक सुविधाओं और नई साज-सज्जा से लैस करने की तैयारी है। प्रस्तावित योजना के मुताबिक ग्रीनपार्क के कायाकल्प पर करीब 456.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आई है। पुनर्विकास के बाद स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 55 हजार तक किए जाने का प्रस्ताव है।
इसी बदलाव की दहलीज पर रविवार को खेला गया गौरव कप मुकाबला अपने आप में खास रहा। एक तरफ मैदान पर कानपुर इलेवन की जीत, दूसरी तरफ पिच को नमन करते सांसद और हाथ में तिरंगा लेकर दर्शकों का अभिवादन ग्रीनपार्क की यह शाम उसके पुराने और आने वाले नए रूप के बीच एक यादगार कड़ी बन गई। कानपुर एकादश ने ट्रॉफी उठाकर जीत का जश्न मनाया, जबकि ग्रीनपार्क ने अपनी ऐतिहासिक पिच पर एक और यादगार शाम दर्ज कर ली।
*घाटमपुर हादसे में जान गवाने वाले समेत इन्हें दी श्रद्धांजलि*
रविवार सुबह घाटमपुर में हुए हादसे में जान गवाने वाले 4 लोगों के साथ ही पिच क्यूरेटर शिवकुमार सहित खेल जगत में अपना अहम योगदान देने वाले महानुभावों को सांसद रमेश अवस्थी ने मंच पर से सभी वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ मिलकर 2 मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की । जिसके बाद मुकाबला शुरू किया गया ।



