कानपुर, संवाददाता। थाना जाजमऊ क्षेत्र के ताड़ बगिया मुख्य मार्ग स्थित नलकूप खराब होने से इलाके में पिछले 24 घंटे से पेयजल आपूर्ति ठप है। पानी की सप्लाई बाधित होने से हजारों घरों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही लोग पीने के पानी की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
नलकूप खराब होने के कारण नलों में पानी नहीं आ रहा है। इससे नहाने, कपड़े धोने, खाना बनाने और अन्य जरूरी घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की किल्लत का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें दूर-दराज से पानी लाकर किसी तरह काम चलाना पड़ रहा है।

बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित
पानी की समस्या के चलते कई परिवारों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ बच्चों को पानी की व्यवस्था न होने के कारण स्कूल भेजना भी मुश्किल हो रहा है। इससे उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
इधर-उधर से पानी लाकर चला रहे काम
स्थानीय निवासी आसिफ, अरमान, सुनील, दीपक, सुनील और राघवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नलकूप खराब होने के कारण क्षेत्र के हजारों घरों में जलापूर्ति प्रभावित है। लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। किसी तरह पानी की व्यवस्था कर दैनिक जरूरतें पूरी की जा रही हैं।
अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार जल बोर्ड और संबंधित अधिकारियों को नलकूप खराब होने की जानकारी दी, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने मांग की है कि नलकूप की तत्काल मरम्मत कराकर जलापूर्ति बहाल की जाए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल भीषण गर्मी के बीच 24 घंटे से पानी की आपूर्ति बाधित होने से ताड़ बगिया क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।



